ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई
एडीसी दीपक बाबूलाल करवा की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत सोमवार को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला परिषद के डिप्टी सीईओ रविन्द्र दलाल, डीडीपीओ सोमबीर कादयान भी उपस्थित रहे। एडीसी ने पंचायतों में ठोस एवं प्लास्टिक अपशिष्ट के प्रबंधन को बढ़ावा देने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्रामों के निर्माण के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करने को लेकर किए जा रहे कार्यो की समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश दिए।
एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने कहा कि ग्राम स्तर पर जनभागीदारी एवं नियमित निगरानी से स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल शासन-प्रशासन की ही नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चयनित 36 ग्राम पंचायतों के सरपंचों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को मजबूत करते हुए घर-घर से कचरा संग्रहण व पृथक्करण तथा उसके वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
