भीम स्टेडियम में 02 सितंबर से सेना भर्ती रैली शुरू
स्थानीय भीम स्टेडियम में 02 सितंबर से सेना भर्ती रैली शुरू हो गई है। सुबह 04 बजे से भीम स्टेडियम में उम्मीदवारों का प्रवेश बैच वाइज किया गया। सेना भर्ती रैली के लिए प्रशासन के सहयोग से समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। सेना के जवानों के साथ हरियाणा पुलिस के जवानों को भी स्टेडियम में तैनात किया गया है।
कर्नल बीआर शेखावत ने बताया कि अग्निपथ योजना के तहत सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी ने भर्ती के लिए महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी और भिवानी जिले के सभी ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण 7,138 उम्मीदवारों को शारीरिक परीक्षण के लिए तिथिवार अलग-अलग श्रेणियों के लिए प्रवेश पत्र जारी किए जा चुके हैं। युवाओं को अग्निवीर बनने के लिए 1600 मीटर दौड़ लगानी होगी। इसके अतिरिक्त कम से कम 6 और अधिकतम 10 चिन-अप, 9 फीट डिच जंप और जिग-जैग बैलेंस आदि टेस्ट भी लिए जाएंगे। फिजिकल टेस्ट में पास उम्मीदवारों को अगले दिन चिकित्सा परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा।
भर्ती रैली में पहुंचे युवा राहुल व मोहित ने बताया कि भर्ती रैली में पहुंचकर उन्हें देश सेवा में शामिल होने का अवसर मिला है। यहां पर दौड़ के लिए बेहतर ट्रैक बनाया गया है। सेना के अधिकारियों द्वारा शारीरिक जांच बेहतर तरीके से की जा रही है। उन्होंने बताया कि अपनी दौड़ सफलतापूर्वक पूरी कर ली है और अब अन्य शारीरिक व मेडिकल परीक्षाएं देंगे। उम्मीदवारों ने बताया कि इस भर्ती रैली के माध्यम से उन्हें देश सेवा करने का मौका मिला है। वे भारतीय सेना में जाकर देश की सेवा करेंगे।
