हिमाचल के रामपुर में बादल फटने से मची अफरातफरी, हाइड्रो प्रोजेक्ट को भारी नुकसान
तेज बारिश की चेतावनी जारी
रामपुर, हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में मौसम के बिगड़े मिजाज के बीच रामपुर क्षेत्र के काशपाट में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। तेज बहाव के कारण गंगदारी हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की इंटेक संरचना को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
परियोजना के प्लांट इंचार्ज धीरज वर्मा के मुताबिक, बाढ़ के पानी से इंटेक के अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम राफ्ट के अलावा बॉटम कन्वेयंस चैनल भी क्षतिग्रस्त हुआ है। चैनल के तल में तेज कटाव होने से संरचना को नुकसान पहुंचा है।
बादल फटने के बाद आई बाढ़ का बहाव इतना तेज था कि कुछ क्रेट्स भी पानी में बह गए। इससे परियोजना की अन्य संरचनाओं को भी नुकसान पहुंचा और आसपास बड़ी मात्रा में मलबा जमा हो गया।
घटना रात के समय होने के कारण स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने के दौरान खड्डों, नदी-नालों और अन्य जल स्रोतों के नजदीक जाने से बचें। लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
उधर, राजधानी शिमला समेत हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शनिवार सुबह से मौसम खराब बना हुआ है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने कांगड़ा और सिरमौर में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, राज्य के अन्य जिलों के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
लगातार बारिश और बादल फटने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और नदी-नालों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
