January 21, 2025

पूर्व सरकार में कुटलेहड़ के सैकड़ों किसानों की मरी बकरियों का नहीं मिला था मुआवजा: देवेंद्र भुट्टो

चपलाह से राजपुरा डीहर सड़क का विधायक ने किया भूमिपूजन, बरसात से पहले होगा काम पूरा

अजय कुमार, बंगाणा, उपमंडल बंगाणा के बंगाणा, तेही, चपलाह, राजपुरा, तलमेहड़ा सड़क जो कि बंगाणा से छपरा तक बनी हुई है। चपलाह से राजपुरा करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क निर्माण का विधायक देवेंद्र भुट्टो ने शनिवार को भूमि पूजन कर कार्य शुरू करवाया। चपलाह से राजपुरा सड़क तलमेहड़ा पहुंचेगी जो जनता की वर्षों पुरानी मांग थी। फॉरेस्ट एनओसी लेने के बाद कार्य शुरू करवाया गया है। चपलाह पहुंचने पर जनता ने विधायक देवेंद्र भुट्टो का जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में इकट्ठे जनसमूह को भूमि पूजन के बाद संबोधित करते हुए विधायक देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि जब चुनाव प्रचार के लिए वे डीहर गए थे तो उन्होंने जनता से वादा किया था कि अगर उन्हें मौका मिलेगा तो वह 100 दिनों के भीतर चपलाह से राजपुरा डीहर सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाएंगे। भुट्टो ने भाजपा नेताओं से पूछा कि पूर्व सरकार के दौरान क्षेत्र के किसानों की मरी बकरियों व लंपी बीमारी से मरे गोवंश का मुआवजा क्यों नहीं दिया गया? उन्होंने कहा कि वे बिना किसी राजनीतिक द्वेष से कुटलेहड़ के विकास को गति प्रदान कर रहे हैं व उन्हें हारे हुए नेताओं से कोई सलाह नहीं लेनी है। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के एक्सियन देवराज, एसडीओ पी धीमान पूर्व प्रधान सुदर्शन शर्मा, पूर्व प्रधान प्रवीण पादा, पूर्व प्रधान अजय शर्मा,रिटायर्ड जेई कुलदीप शर्मा, पूर्व प्रधान रमेश डुमखर, पूर्व प्रधान बलवंत ठाकुर, ओंकार सिंह के अलावा बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।