September 9, 2026

हरियाणा में प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल का जश्न, गांव-गांव उतरेगा भाजपा का अभियान

तीन जिलों में रुकेगी यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने को लेकर हरियाणा भाजपा ने अब कार्यक्रमों का फोकस बड़े मंचों से हटाकर गांव, स्कूल, आंगनबाड़ी और बूथ स्तर तक ले जाने की तैयारी की है। 17 सितंबर को सेवा दिवस पर प्रदेश में 20 लाख दीये जलाने से शुरू होने वाला यह सिलसिला अगले एक महीने तक चलेगा। इस दौरान पार्टी के 27 संगठनात्मक जिलों में रक्तदान शिविर, स्कूलों में प्रतियोगिताएं, आंगनबाड़ी केंद्रों पर सम्मान समारोह और यात्राएं होंगी।

मोदी के 25 साल के सेवाकाल को एक महीने के प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान में बदलने की रणनीति बनाई गई है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पंचकमल में बुधवार को हुई सरकार-संगठन की समन्वय बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेशाध्यक्ष डॉ़ अर्चना गुप्ता, राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद संजय भाटिया और राष्ट्रीय टोली सदस्य एवं अभियान संयोजक कुलजीत चहल ने तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में अभियान के प्रभारी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा, गोपाल शर्मा, वेद फुल्लां, सत्य प्रकाश जरावता, मंत्रीगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और जिलाप्रभारी उपस्थित रहे।सेवा दिवस पर प्रदेशभर में 20 लाख दीये जलाने की योजना है। ऐतिहासिक स्थलों पर 50 हजार से एक लाख तक दीये लगाए जाएंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ़ अर्चना गुप्ता के अनुसार, इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ना है। इसी दिन कुरुक्षेत्र से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रक्तदान शिविरों की शृंखला शुरू करेंगे। इसके बाद सभी 27 संगठनात्मक जिलों में अलग-अलग दिन शिविर लगाए जाएंगे। अभियान में युवाओं और महिलाओं को जोड़ने के लिए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को भी कार्यक्रमों का हिस्सा बनाया गया है। ‘सेवा चित्र’ के तहत स्कूलों में पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक में कहा कि अभियान को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा और प्रत्येक कार्यकर्ता अपने आसपास के लोगों को इसमें भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।

‘वडनगर से वाराणसी’ यात्रा हरियाणा के नूंह, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी पहुंचेगी। तीनों जिलों में एक दिन का रात्रि प्रवास भी होगा। वहीं 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्राएं’ मंडल से विधानसभा और फिर जिला स्तर तक पहुंचेंगी। इन कार्यक्रमों में आमजन के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने की व्यवस्था की जाएगी। सूरजकुंड में प्रस्तावित ‘जनसेवक महाकुंभ’ में सात राज्यों के पंचायत और शहरी निकाय प्रतिनिधियों को जुटाने की योजना है। इसमें सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, चेयरमैन और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और त्याग की भावना प्रमुख रही है। सेवा संकल्प अभियान नई पीढ़ी को उनके जीवन से राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देने का माध्यम बनेगा। उन्होंने परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म करने के मोदी के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *