कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) द्वारा जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन समाप्त
दिल्ली मेट्रो सेवा फिर हुई पूरी तरह बहाल, 18 स्टेशन हुए चालू
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) द्वारा जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा के बाद शनिवार को दिल्ली मेट्रो के 18 स्ट्रेशनों के प्रवेश द्वार दोबारा खोल दिए गए। विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर जारी पाबंदियों के चलते पिछले चार दिनों से ये 18 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए थे।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि सभी मेट्रो स्टेशन अब खुल गए हैं और प्रवेश-निकासी सामान्य रूप से बहाली हो गई है। शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सरकार की तरफ से कॉजपा प्रदर्शनकारियों की मांगें मान लिए जाने के बाद विरोध-प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा की गई। पिछले चार दिनों से बंद रहे स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली शामिल हैं। कॉजपा के विरोध-प्रदर्शन के कारण मध्य दिल्ली में सुरक्षा इंतजामों के चलते ये स्टेशन बंद किए गए थे। इस विरोध-प्रदर्शन की वजह से पिछले कुछ दिनों में जंतर-मंतर के पास लोगों की भारी भीड़ जमा हुई थी।
