June 26, 2026

युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों बारे किया जागरूक, कैरियर होप कोचिंग संस्थान ऊना में लगा जागरूकता शिविर

रजनी , ऊ, ना सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से जिला कल्याण अधिकारी ऊना तथा जिला क़ानूनी सेवा प्राधिकरण ऊना के संयुक्त तत्वावधान में आज कैरियर होप कोचिंग संस्थान ऊना में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, इससे बचाव के उपायों तथा नशे से संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

इस अवसर पर डाॅ. पुष्पेंद्र राणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी (स्वास्थ्य), जिला अस्पताल ऊना तथा जतिंद्र शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी ऊना ने विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने नशे से बचाव, समय रहते सहायता लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

जतिंद्र शर्मा ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा समाज के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत करवाया।

कैरियर होप कोचिंग संस्थान ऊना के प्रधानाचार्य विक्रम धीमान ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, सकारात्मक सोच अपनाने और मेहनत के बल पर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। शिविर में उपस्थित विद्यार्थियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना सहयोग देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *