September 18, 2026

शक्तिपीठ मां ज्वालामुखी मंदिर में युवक ने खुद को लगाई आग

कांगड़ा,हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में स्थित शक्तिपीठ मां ज्वालामुखी मंदिर में गुरुवार रात एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। मंदिर परिसर में राजस्थान के 36 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। इस घटना में युवक करीब 70 फीसदी तक झुलस गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे की है। युवक मंदिर परिसर में था, तभी उसने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा ली। अचानक युवक को आग की लपटों में घिरा देखकर मंदिर परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद युवक जमीन पर पड़ा हुआ था। लोगों ने तुरंत पानी लाकर आग बुझाई और युवक को बचाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। बताया जा रहा है कि उसके शरीर का करीब 70 फीसदी हिस्सा आग की चपेट में आया है।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एंबुलेंस बुलाई गई। युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

घटना के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की मौजूदगी थी। ऐसे में अगर उस समय वहां अधिक भीड़ होती तो आग लगने की घटना के बाद भगदड़ जैसी स्थिति भी पैदा हो सकती थी। फिलहाल युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *