June 26, 2026

आईआईआईटी ऊना में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रजनी, ऊना, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) ऊना में 25 जून 2026 को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक संवादात्मक जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। यह अभियान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 17 से 26 जून 2026 तक देशभर में चलाया जा रहा है। यह कार्यक्रम एआईसीटीई समर्थन्: इंटर्नशिप कनेक्ट कार्यक्रम 2026–27 के अंतर्गत इंटर्नशिप कर रहे विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य उनके इंटर्नशिप अनुभव के साथ स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को भी जोड़ना था। कार्यक्रम में नशा-मुक्त समाज के महत्व पर बल दिया गया तथा प्रतिभागियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नशा मुक्त भारत अभियान के प्रेरक बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आईआईआईटी ऊना के चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद ने विभिन्न प्रकार की मादक एवं व्यवहारगत (Behavioural) लतों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लत का दायरा सामान्य रूप से उपयोग किए जाने वाले कैफीन जैसे उत्तेजक पदार्थों से लेकर अत्यंत हानिकारक मादक पदार्थों तक फैला हुआ है। उन्होंने नशे के सक्रिय (Active) एवं निष्क्रिय (Passive) संपर्क की अवधारणा पर भी प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों को जिम में उपयोग किए जाने वाले मांसपेशी-वृद्धि (Muscle-Building) और प्रदर्शन बढ़ाने वाले सप्लीमेंट्स के दुरुपयोग से सावधान रहने की सलाह देते हुए स्वस्थ एवं जागरूक जीवनशैली अपनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम का समापन एक रोचक प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने नशा-मुक्त भारत के निर्माण में व्यक्ति, शैक्षणिक संस्थानों और सरकार की भूमिका पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशा मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देने की शपथ भी ली।
इस कार्यक्रम का आयोजन आईआईआईटी ऊना के निदेशक प्रो. मनीष गौर के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन में किया गया। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. संजीत निंगथौजम एवं सुश्री निशा द्वारा किया गया। इस प्रकार की पहलों के माध्यम से आईआईआईटी ऊना विद्यार्थियों में शैक्षणिक एवं शोध उत्कृष्टता के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, उत्तरदायी नागरिकता और समग्र व्यक्तित्व विकास को भी निरंतर बढ़ावा दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *