सुनील शर्मा बिट्टू ने रोपा में सुनीं जनसमस्याएं, प्रदेश सरकार की योजनाओं की भी दी जानकारी
हमीरपुर, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने शनिवार को ग्राम पंचायत जंगलरोपा के गांव रोपा का दौरा किया और वहां स्थानीय लोगों की समस्याओं की सुनवाई के साथ-साथ प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
इस दौरान गांववासियों ने सुनील शर्मा बिट्टू के समक्ष पेयजल से संबंधित समस्या रखी। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार ने इसका त्वरित संज्ञान लेते हुए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को इस समस्या के अतिशीघ्र समाधान के निर्देश दिए। गांव में उचित मूल्य की दुकान, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पशु चिकित्सालय और कई अन्य मांगों पर भी सुनील शर्मा बिट्टू ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि इन मांगों को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष रखा जाएगा।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिला हमीरपुर के लिए कई बड़ी विकासात्मक परियोजनाएं मंजूर करके इनके कार्य तेजी से आरंभ करवाए हैं। हमीरपुर में निर्माणाधीन हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा, मेडिकल कालेज, हैलीपोर्ट, नादौन का इंडोर स्टेडियम, टूरिजम का होटल और कई अन्य बड़ी परियोजनाओं से जिला हमीरपुर के चहुमुखी विकास को बल मिला है। इन परियोजनाओं के अलावा हमीरपुर में विभिन्न विभागों, बोर्डों एवं निगमों के प्रदेश स्तरीय कार्यालय भी खोले गए हैं। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, राजीव गांधी प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान योजना, राजीव गांधी स्वरोजगार योजना और कई अन्य कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने गांव के सभी पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।
इससे पहले, रोपा पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने सुनील शर्मा बिट्टू का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार, पार्टी के अन्य नेता, पंचायत प्रधान करतार चंद, राकेश कुमार, नरेश कुमारी, संगीता देवी, वंदना देवी, ममता ठाकुर, प्रीतम चंद, प्रकाश चंद चौधरी, महेश कुमार, अजीत कुमार और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
