सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों को आपसी सहमति एवं मध्यस्थता से निपटाने का मौका
सर्वोच्च न्यायालय में समाधान समारोह 2026 के तहत लगाई जाएंगी विशेष लोक अदालतेंसर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर 31 मई तक किया जा सकता है आनलाइन आवेदन
हमीरपुर 03 मई। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण हमीरपुर के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि आम लोगों के लिए न्याय सुलभ बनाने के सर्वोच्च न्यायालय के प्रयासों की कड़ी में 21 अप्रैल से सर्वोच्च न्यायालय के परिसर में समाधान समारोह 2026 का शुभारंभ किया गया है। इस विशेष अभियान के दौरान विभिन्न केसों का निपटारा आपसी सहमति, संवाद और मध्यस्थता से किया जा रहा है।21, 22 तथा 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय के परिसर में विशेष लोक अदालतों के आयोजन के साथ ही इस विशेष अभियान का समापन होगा।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि समाधान समारोह के तहत 21 अप्रैल 2026 से ही सुलह एवं मध्यस्थता बैठकों का आयोजन प्रारंभ हो चुका है। ये बैठकें राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालय स्तर पर विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं समितियों के अंतर्गत स्थापित मध्यस्थता केंद्रों में आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी पक्षकारों के बीच सहमति बनाने में सहयोग प्रदान कर रहे हैं। पक्षकार इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से या वर्चुअल माध्यम से भी भाग ले सकते हैं।
कुलदीप शर्मा ने अधिवक्ताओं एवं सभी संबंधित पक्षकारों से आग्रह किया है कि वे इस विशेष अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और अपने मामलों के समाधान के लिए आगे आएं। लंबित मामलों को समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 में शामिल करने के लिए एक सरल गूगल फॉर्म तैयार किया गया है, जो सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट sci.gov.in पर उपलब्ध है। इच्छुक पक्षकार दिए गए लिंक के माध्यम से फॉर्म भरकर अपने मामले को इस विशेष लोक अदालत में शामिल करवा सकते हैं। गूगल फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।
किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए समाधान समारोह हेतु स्थापित वन स्टॉप सेंटर (वार रूम) से संपर्क किया जा सकता है जिसके दूरभाष नंबर 011-23115652 तथा 011-23116464 हैं। इसके अतिरिक्त सीआरपी निदेशक से दूरभाष नंबर 011-23116465 पर भी संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त ईमेल speciallokadalat2026@sci.nic.in के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है।
