August 22, 2026

ऋण, बीमा, पेंशन और अन्य योजनाओं का लाभ उठाएं सभी लोग

स्वयं सहायता समूहों के लिए आयोजित जागरुकता कार्यक्रम में एलडीएम ने की अपील

हमीरपुर। पंजाब नेशनल बैंक के मुख्यालय के निर्देशानुसार बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर ने ग्राम पंचायत ताल में एक जागरुकता एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया। मुख्यतः स्वयं सहायता समूहों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 11 स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों के अलावा आम लोगों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर बैंकों की विभिन्न ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) धर्मेंद्र स्याल ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को ऋण योजनाओं से जोड़ने के लिए विभिन्न विभागों के अलावा बैंकों ने भी विशेष प्रावधान किए हैं। सभी स्वयं सहायता समूहों को इन ऋण योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न ऋण योजनाओं के साथ-साथ लखपति दीदी योजना, पीएम सूर्या घर योजना, प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बैंकों में लंबे समय से निष्क्रिय खातों में पड़ी धनराशि के क्लेम और डिजिटल बैंकिंग के बारे में भी बताया तथा साईबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर डीआरडीए की राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रभारी वंदना शर्मा, महिला विकास निगम की अधिकारी हेमलता, पंजाब नेशनल बैंक की ताल शाखा के प्रबंधक राम प्रकाश, वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, पंचायत प्रधान, उपप्रधान और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *