August 25, 2026

दिल्ली में मूसलाधार बारिश से हाहाकार

नई दिल्ली,: मंगलवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने राजधानी दिल्ली की रफ्तार थाम दी। भारी बारिश के बाद मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया। शहर के कई इलाकों में गंभीर जलभराव हो गया, जिससे सड़कें तालाब में तब्दील नजर आईं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कई प्रमुख मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए।

एयरलाइन ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Flightradar24 के अनुसार, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 18 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 146 उड़ानें देरी से चलीं। खराब मौसम के चलते यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश का असर दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में देखने को मिला। राम मनोहर लोहिया अस्पताल, AIIMS, अशोक रोड और सुप्रीम कोर्ट के आसपास जलजमाव की खबरें सामने आईं। AIIMS के पास फ्लाईओवर लूप पर भारी मात्रा में पानी जमा हो गया, जिससे यातायात की रफ्तार बेहद धीमी हो गई।

इससे पहले सोमवार को भी दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई थी। मुख्य सड़कों और निचले इलाकों में पानी जमा होने से कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार सुबह जारी अपडेट में दिल्ली के कई हिस्सों में मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई। उत्तर दिल्ली, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, शाहदरा और पूर्वी दिल्ली के लिए जिला स्तर की नाउकास्ट चेतावनी जारी की गई थी। रेड अलर्ट सुबह 9:45 बजे तक प्रभावी रहा। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया।

बारिश के इस दौर के कारण दिल्ली के कई मौसम केंद्रों पर इस मानसून की कुल बारिश सामान्य से काफी अधिक हो गई है। 24 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार सफदरजंग में 246.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 191.1 मिमी से 29 फीसदी अधिक है। पालम में 227.2 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 28 फीसदी ज्यादा है।

इसी तरह लोदी रोड पर 233.2 मिमी यानी सामान्य से 22 फीसदी अधिक, रिज स्टेशन पर 243 मिमी यानी 50 फीसदी अधिक और आया नगर में 266.3 मिमी यानी सामान्य से 66 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई।

IMD के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का प्रमुख कारण मध्य और ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और निचले ट्रोपोस्फेरिक ट्रफ का आपस में संपर्क बनना है। यह ट्रफ गांगेय पश्चिम बंगाल से दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर तेज हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *