June 23, 2026

प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित 22 गांवों में जल्द शुरू होंगे विकास कार्य: डीसी

ग्राम विकास योजनाएं तैयार करने के लिए पंचायतों को जारी की गई 40-40 हजार रुपए की राशि

बिलासपुर, उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत जिला में चयनित 22 गांवों में शीघ्र ही विकास कार्य आरंभ किए जाएंगे। उपायुक्त आज बचत भवन बिलासपुर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय अभिसरण समिति की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

उपायुक्त ने कहा कि वर्ष 2025-26 के लिए जिले के चारों विकास खंडों की विभिन्न ग्राम पंचायतों के अंतर्गत 22 गांवों का चयन प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत किया गया है। केंद्र सरकार द्वारा उन गांवों को इस योजना में शामिल किया जाता है जहां अनुसूचित जाति की आबादी 40 प्रतिशत या उससे अधिक है। उन्होंने कहा कि चयनित पंचायतों द्वारा ग्राम विकास योजनाएं (वीडीपी) तैयार की जाएगी, जिसके लिए प्रत्येक पंचायत को 40-40 हजार रुपए की राशि जारी कर दी गई है।
राहुल कुमार ने बताया कि योजना के अंतर्गत चयनित प्रत्येक गांव को विकास कार्यों के लिए 20-20 लाख रुपए की राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। इन निधियों का उपयोग स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क, पेयजल, विद्युत, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि ग्राम विकास योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में पंचायतों को पूरा सहयोग प्रदान किया जाए ताकि विकास कार्य समयबद्ध ढंग से शुरू होकर निर्धारित अवधि में पूरे किए जा सकें।
बैठक में उपायुक्त ने गत वर्षों के दौरान योजना के तहत चयनित 25 गांवों में किए गए विकास कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि अधिकांश गांवों में विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि चार गांवों जिनमें ग्राम पंचायत कोसरिया के गांव जंगल जयश्री देवी एवं कोसरियां, ग्राम पंचायत त्यूनखास का गांव त्यूनखास तथा ग्राम पंचायत बकरोआ के गांव बेलू खारयाला और बल्हसीहना शामिल हैं। उपायुक्त ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

बॉक्स
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत वर्ष 2025-26 में चयनित हुए है ये 22 गांव

बिलासपुर विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत बेनला ब्राहमणा का गांव लुहणू कनैता, निचली भटेड का गांव बघडीं, धौण कोठी पंचायत का गांव धौण कोठी, बरमाणा पंचायत का गांव नालग तथा बल्ह बल्हवाणा पंचायत का गांव तरेड़ शामिल हैं। घुमारवीं विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत लुहारवीं का गांव बरोटा, पनोह पंचायत का गांव सनौर, दाबला पंचायत का गांव दाबला तथा तल्याणा पंचायत का गांव बेहल नवाणे चयनित किए गए हैं। इसी तरह झंडूता विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत सलवाड का गांव बल्ह चलोग, बरठीं का गांव गुआवं, डाहड़ का गांव डाहड़, डमली पंचायत का गांव धराडसानी, बडगांव गलू पंचायत का गांव बडगांव, सुन्हाणी पंचायत का गांव डूहक, बैहना ब्राहम्णा पंचायत का गांव बैहना ब्राहम्णा, दाड़ी-भाड़ी पंचायत का गांव रछेड़ा, बड़ोल पंचायत का गांव पोली तथा बल्हसीना पंचायत का गांव कथ्यूण शामिल हैं। तो वहीं श्री नैना देवी जी विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत टोबा संगवाणा का गांव नीलां, ग्राम पंचायत टाली का गांव दगडाहण तथा ग्राम पंचायत री का गांव री चयनित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *