परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार ने कलोल स्कूल में विद्यार्थियों में भरा देशभक्ति का जज्बा
अनुशासन, समर्पण और परिश्रम से हासिल किए जा सकते हैं बड़े लक्ष्य : संजय कुमार
बिलासपुर, जिला बिलासपुर के विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित प्रेरणादायक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलोल में परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर शिक्षा उपनिदेशक उच्च शिक्षा नरेश चंदेल तथा सैनिक कल्याण विभाग के अधीक्षक विनोद नड्डा भी उपस्थित रहे।
अपने प्रेरक संबोधन में संजय कुमार ने विद्यार्थियों को अपने जीवन के संघर्षों, कारगिल युद्ध के अनुभवों तथा परमवीर चक्र प्राप्त करने की प्रेरणादायक यात्रा से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, दृढ़ संकल्प, सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
उन्होंने भारतीय सेना में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी देते हुए कहा कि सेना केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च अवसर है। उन्होंने युवाओं से देशहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका संजय कुमार ने अपने अनुभवों के आधार पर सरल एवं प्रेरक उत्तर दिया। उनके विचारों और अनुभवों ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, आत्मविश्वास तथा राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक मजबूत किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम में पधारने पर संजय कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायक संवाद विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षा उपनिदेशक नरेश चंदेल तथा सैनिक कल्याण विभाग के अधीक्षक विनोद नड्डा का भी विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए धन्यवाद किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अनुशासन, समर्पण एवं कड़ी मेहनत के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
