स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ विकास कार्यों को मिल रही गति : केवल सिंह पठानिया
शाहपुर, ।शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने द्रमण के ऐतिहासिक छिंज मेले में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मेले में पहुंचने पर मेला कमेटी द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया तथा ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच उन्हें मेला अखाड़े तक लाया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नागरिक अस्पताल शाहपुर में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित कर दी गई है, जबकि शीघ्र ही अस्पताल में डायलिसिस की 10 मशीनें भी स्थापित कर दी जाएंगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष छिंज मेले के दौरान मेला कमेटी ने मंच निर्माण की मांग रखी थी, जिसे पूरा करते हुए लगभग 4 लाख रुपये की लागत से छिंज मेला स्टेज का निर्माण करवाया गया है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि मंच के सौंदर्यीकरण अथवा अन्य विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता होगी तो उसे भी उपलब्ध करवाया जाएगा।
विधायक ने मेला कमेटी को प्रोत्साहन स्वरूप 21 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
छिंज मेले में प्रदेश और बाहरी राज्यों से आए कई नामी पहलवानों ने अपने दांव-पेचों का शानदार प्रदर्शन किया। माली मुकाबले में पलविंदर पट्टी विजेता रहे, जबकि इरफान ईरानी उपविजेता रहे।
इस अवसर पर मेला कमेटी के प्रधान चरणजीत, जिला परिषद सदस्य मीना राणा, मन्झग्रां पंचायत के प्रधान सुरेश, उपप्रधान विकास, बीडीसी सदस्य आकाश, सेवानिवृत्त सीएमओ डॉ. सुशील शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीना ठाकुर, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, पूर्व प्रधान अजय बबली, देवराज, चैन सिंह, हरनाम, कश्मीर, प्रीतम सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
