अंत्योदय परिवार उत्थान मेले में उमड़ी लाभार्थियों की भीड़, 3,097 लोगों ने उठाया योजनाओं का लाभ : अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति
फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र में 19 विभागों के लगे स्टॉल, मेले में 1314 लोगों ने करवाया पंजीकरण, पात्र लाभार्थियों को शीघ्र मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ
नूंह – हरियाणा के मुख्यमंत्री के नायब सिंह सैनी निर्देशानुसार फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र में आयोजित अंत्योदय परिवार उत्थान मेले में बड़ी संख्या में पात्र परिवारों ने भाग लिया। अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने बताया कि मेले में 19 विभागों द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जहां पात्र नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनका पंजीकरण एवं मार्गदर्शन किया गया।
उन्होंने बताया कि मेले में विशेष रूप से काउंसलिंग डेस्क स्थापित किए गए, जहां लाभार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर उन्हें बताया गया कि वे किन-किन सरकारी योजनाओं के लिए पात्र हैं तथा किस योजना के अंतर्गत लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि मेले में 1314 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया, जबकि विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं के माध्यम से कुल 3097 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। पशुपालन विभाग की योजनाओं में सबसे अधिक लाभार्थियों ने रुचि दिखाई।
उन्होंने बताया कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाओं का विस्तार किया। प्रारंभ में लगाए गए दो स्वागत काउंटर तथा 10 काउंसलिंग डेस्क की संख्या बढ़ाकर 13 काउंसलिंग डेस्क कर दी गई। इसके अलावा पशुपालन विभाग के स्टॉल पर अतिरिक्त टीमें तैनात की गईं तथा सीपीएलओ सहित अतिरिक्त स्टाफ को विभिन्न टीमों के साथ लगाया गया, जिससे लाभार्थियों को त्वरित एवं सुचारु सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने कहा कि जो भी नागरिक निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करते हैं, उन्हें नियमानुसार तय समय-सीमा के भीतर संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और प्रशासन इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने पात्र परिवारों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील भी की।
