June 15, 2026

शाहपुर वॉर मेमोरियल का निर्माण कार्य शीघ्र होगा पूर्ण : केवल सिंह पठानिया

शाहपुर, लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह शाहपुर में गत दिवस शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया की अध्यक्षता में शाहपुर सैनिक लीग के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में शाहपुर में निर्माणाधीन वॉर मेमोरियल के निर्माण कार्य तथा उससे जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित किए जा रहे शाहपुर वॉर मेमोरियल का निर्माण कार्य प्रगति पर है और इसे शीघ्र पूर्ण करने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि यह वॉर मेमोरियल देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के सम्मान का प्रतीक बनेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके अदम्य साहस, देशभक्ति और बलिदान से प्रेरणा प्रदान करेगा।

बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों ने भी वॉर मेमोरियल से संबंधित अपने सुझाव एवं विचार साझा किए, जिन पर सकारात्मक चर्चा करते हुए उन्हें यथासंभव शामिल करने का आश्वासन दिया गया।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्नल जय चंद टपवाल, पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नीरज जसवाल, बलदेव, अमर सिंह, रत्न सिंह, जन्मेज, सुरेन्द्र पटियाल, अश्वनी धीमान, लोकेश नाग तथा उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय सहित अन्य गणमान्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *