June 15, 2026

बूथ स्तर के अधिकारी घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन

डीसी अनुपमा अंजली का आह्वान, विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आगे आएं नागरिक

नारनौल, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हरियाणा में मतदाता सूची को पूरी तरह स्वच्छ, सटीक और अद्यतन बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत की जा रही है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा अंजली ने बताया कि जिले के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से इस अभियान को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का पहला चरण 15 जून 2026 से शुरू होकर 14 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसके तहत आज से ही बूथ स्तर के अधिकारी घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य शुरू कर रहे हैं। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष या उससे अधिक आयु वाले सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना, अयोग्य, डुप्लीकेट या मृत प्रविष्टियों को सूची से हटाना और मतदाता सूची की पारदर्शिता व शुद्धता सुनिश्चित करना है ताकि लोकतंत्र की इस बुनियादी व्यवस्था में कोई भी पात्र व्यक्ति छूटने न पाए।
इस घर-घर किए जाने वाले सत्यापन अभियान में प्रत्येक मतदाता केंद्र के बूथ स्तर के अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर व्यक्तिगत रूप से सत्यापन किया जाएगा। इस प्रक्रिया के दौरान हर परिवार को एक गणना प्रपत्र भरना आवश्यक होगा, जिससे हरियाणा के प्रत्येक पंजीकृत मतदाता का नाम सूची में सही तरीके से बना रहे। नागरिक इस प्रपत्र को बूथ स्तर के अधिकारी के माध्यम से भरकर जमा करवा सकते हैं या फिर इसे ऑनलाइन माध्यम से भी भरा जा सकता है। इस पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को अपना फोटो बदलने और अपना सक्रिय मोबाइल नंबर साझा या बदलने का भी बेहतरीन अवसर मिलेगा।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा साझा की गई सभी जानकारियां पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल मतदाता सूची की शुद्धता के लिए ही किया जाएगा।
अभियान के आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पहले चरण के घर-घर सत्यापन के बाद 21 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे व आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। प्रशासनिक स्तर पर 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक दावों के निपटान और सत्यापन का काम पूरा किया जाएगा, जिसके बाद अंततः 22 सितंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने जिले की सभी राजनीतिक पार्टियों और आम जनता से इस समयबद्ध प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शंका या सहायता के लिए नागरिक बूथ स्तर के अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं या फिर निर्वाचन आयोग के डिजिटल माध्यमों का उपयोग करके मतदाता सेवाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं, क्योंकि हर पात्र मतदाता का नाम शामिल करना जिला प्रशासन का सामूहिक संकल्प है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *