स्थानीय महम गेट से फैंसी चौक तक सफाई अभियान चलाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए स्वच्छता बनाए रखने के आह्वान पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने नगर परिषद के साथ स्थानीय महम गेट से फैंसी चौक तक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि एवं पार्षद भवानी प्रताप और नगर परिषद के ईओ राजाराम भी शामिल हुए। स्वच्छता अभियान के दौरान विधायक सर्राफ ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का आह्वान किया। इस दौरान विधायक सर्राफ ने फैंसी चौक को युवाओं के प्ररेणा स्त्रोत स्वामी विवेकानंद के नाम से करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि फैंसी चौक को अब स्वामी विवेकानंद के नाम से भी जाना जाएगा।
विधायक सर्राफ ने सफाई अभियान के दौरान कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना हमारे ही हाथ में है। उन्होंने कहा कि हमें सडक़ों या गलियों में इधर-उधर कूड़ा कचरा नहीं फेंकना चाहिए, इससे शहर में गंदगी का आलम बनता है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के ऑटो टिप्पर घर-घर से कूड़ा कचरा कलेक्शन कर रहे हैं। नागरिक गालियों या सडक़ों पर कूड़ा कचरा ना डालकर और ऑटो टिप्पर पर में ही डालें। उन्होंने कहा की गलियों में डाला हुआ कचरा इधर-उधर बिखर जाता है।
