नशा मुक्त भारत अभियान से जुड़ें, ऑनलाइन शपथ लेकर बनें नशामुक्त समाज के भागीदार : नरिंदर कुमार
बिलासपुर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत देशभर में ऑनलाइन नशा न करने की शपथ लेने का अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से प्रत्येक युवा एवं नागरिक नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभा सकता है।
यह जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी नरिंदर कुमार ने बताया कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है और देश के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए आवश्यक है कि अधिक से अधिक युवा नशा मुक्त भारत अभियान से जुड़ें और नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे इस जन आंदोलन को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। युवाओं की जागरूकता और सक्रिय सहभागिता से ही नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
उन्होंने जिले के सभी पर्यवेक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि वे स्वयं ऑनलाइन शपथ लें तथा अपने कार्यक्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों को भी इससे जोड़ें। उन्होंने बताया कि इच्छुक नागरिक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के नशा मुक्त भारत अभियान ई-शपथ पोर्टल https://nmba.dosje.gov.in/content/take-a-pledge पर जाकर अपना विवरण दर्ज कर नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ले सकते हैं।
नरिंदर कुमार ने बताया कि ऑनलाइन शपथ पूर्ण होने के बाद प्रतिभागी के नाम से डिजिटल प्रमाण-पत्र स्वतः जारी हो जाता है, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक औपचारिक शपथ नहीं, बल्कि स्वयं, परिवार और समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त रखने का सशक्त संकल्प है।
उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने क्षेत्र के युवाओं और आमजन को भी नशा मुक्त भारत अभियान से जोड़कर नशे के खिलाफ जन जागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाएं।
