राष्ट्रीयता व सामाजिक मुद्दों से जुड़े है जादूगर सम्राट शंकर के शो : उपायुक्त अजय कुमार
बेटी बचाओ, जल व पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
रोहतक, उपायुक्त अजय कुमार ने कहा है कि जादू विज्ञान और सम्मोहन पर आधारित कला है, जो मनोरंजन का एक सशक्त माध्यम है। उपायुक्त आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा डीएलसी सुपवा यूनिवर्सिटी में आयोजित चार दिवसीय जादू शो के समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
अजय कुमार ने कहा कि जादू के माध्यम से तरह-तरह की कलाओं का प्रदर्शन कर अंधविश्वास को दूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत में जादू दिखाने की परंपरा बहुत पुरानी है और सम्राट शंकर इस कला को जींदा रखने में अपना अहम योगदान दे रहे है। उन्होंने कहा कि जादू उन प्राचीन प्रदर्शन कलाओं में से एक है, जिसने सदियों से लोगों को मंत्रमुग्ध और उनका मनोरंजन किया है। उपायुक्त ने कहा कि जादूगर सम्राट शंकर के शो केवल मनोरंजन के लिए नहीं है, बल्कि उनके जादुई करतब राष्ट्रीयता व सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े हुए हैं। उनके शो के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संदेश को भी प्रमुखता से दिया जा रहा है। इसके अलावा जादू के शो में जल व पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष फोकस किया गया है। उपायुक्त ने चार दिवसीय जादू के सफल आयोजन के लिए जादूगर सम्राट शंकर व उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जादूगर सम्राट शंकर ने उपायुक्त अजय कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट किया। जादू के इस शो में उपायुक्त अजय कुमार की धर्मपत्नी श्रीमती लवलीन कौर भी मौजूद थी।
