May 18, 2026

पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 के लिए दूसरे चरण का चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित

ऊना, 18 मई। पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से आज(सोमवार) को राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना में दूसरे चरण का चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। पूर्वाभ्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार ने की। इस पूर्वाभ्यास में कुल 728 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें 208 पीठासीन अधिकारी तथा 520 मतदान अधिकारी शामिल रहे।

इस दौरान चुनावी ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न चरणों की विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। जिला पंचायत अधिकारी ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं तथा निर्वाचन प्रक्रिया में तैनात प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की भूमिका अत्यंत अहम होती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण एवं रिहर्सल के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से ग्रहण करें तथा अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सजगता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि आगामी 26, 28 और 30 मई को मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से सायं 3 बजे तक संपन्न करवाई जाएगी। पूर्वाभ्यास के दौरान मतदान केंद्रों पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं, निर्वाचन सामग्री के प्रबंधन, मतदान की विधि तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

श्रवण कुमार ने बताया कि तीसरे चरण का पूर्वाभ्यास 24 मई को राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर बीडीओ रमनवीर चौहान, दीपक जोशी, विकास सैनी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *