भीषण गर्मी: 45 डिग्री के पार पहुंचेगा पारा
मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
नई दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी और हीट वेव का सामना करना पड़ेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 19 और 20 मई को तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।
मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग की वेबसाइट पर जारी 7 दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार 18 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का अनुमान है। इस दिन दिनभर तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि 18 मई के लिए किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। आईएमडी के अनुसार 19 मई को गर्मी और अधिक बढ़ेगी। अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन हीट वेव चलने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि दोपहर और शाम के समय तेज गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। इसके अलावा 20 मई को भी राहत मिलने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस दिन अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिन और शाम दोनों समय हीट वेव की स्थिति बनी रहने की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वानुमान के अनुसार, 21 और 22 मई को तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। इन दिनों अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हालांकि, दिन के समय तेज सतही हवाएं चलती रहेंगी। भीषण गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
