April 28, 2026

नगर परिषद सरकाघाट चुनावों के लिए प्रथम रिहर्सल आयोजित

पीपीटी के माध्यम से दी गई विस्तृत जानकारी
सरकाघाट, 28 अप्रैल 2026।
नगर परिषद सरकाघाट के आगामी चुनावों के निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन के उद्देश्य से आज एसडीएम कार्यालय सरकाघाट के सभागार में प्रथम रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल की अध्यक्षता निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट, राजेंद्र कुमार गौतम ने की।
रिहर्सल के दौरान निर्वाचन अधिकारी ने पीपीटी के माध्यम से उपमंडल सरकाघाट के विभिन्न विभागों से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चुनावी ड्यूटी से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों पर चुनावी सामग्री को निजी वाहनों से लाना-ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही ड्यूटी के दौरान किसी भीओ बाहरी व्यक्ति की सेवाएं लेना भी वर्जित होगा।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर सीमित क्षेत्र में केवल राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकृत प्रेस प्रतिनिधियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। अन्य किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जिससे मतदाताओं की गोपनीयता सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने जानकारी दी कि नगर परिषद सरकाघाट के चुनाव ईवीएम के माध्यम से संपन्न कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में किसी भी उम्मीदवार या राजनीतिक दल द्वारा बूथ स्थापित करना प्रतिबंधित रहेगा, जबकि 100 मीटर के भीतर चुनावी पोस्टर लगाने की अनुमति नहीं होगी।
पोलिंग बूथ के भीतर किसी भी उम्मीदवार या पार्टी एजेंट को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, शारीरिक रूप से असमर्थ मतदाताओं को सहायक व्यक्ति के साथ मतदान केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जिसका विवरण पोलिंग पार्टी द्वारा फॉर्म-40 में दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ निभाएं, ताकि चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।
इस अवसर पर उपमंडल सरकाघाट के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निर्वाचन अधिकारी सरकाघाट ने बताया कि नगर परिषद सरकाघाट के चुनावों हेतु सात वार्डों में सात मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिनमें 05 मतदान केंद्र राजकीय पाठशालाओं में रहेंगे।
वॉर्ड न. 07 डबरोग को महिला बूथ बनाया जाएगा जिसमें सभी महिला कर्मचारी मतदान केंद्र पर तैनात रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *