April 28, 2026

उपायुक्त जतिन लाल ने बढ़ते तापमान को लेकर जारी की एडवाजरी, लू से बचाव को बरतें सावधानी

मोहित कांडा, ऊना पिछले कुछ दिनों से जिला ऊना में बढ़ते तापमान को देखते हुए आगामी दिनों में गर्म हवाएं एवं लू चलने के आसार दिख रहे हैं, ऐसे में स्थानीय निवासियों को अपनी सेहत के प्रति सावधानियां बरतनी चाहिए। जिला आपदा प्रबंधन एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने इस संदर्भ में एडवाजरी जारी की है। उन्होंने कहा कि लोग अपनी सेहत के प्रति सतर्क रहें। गर्म हवाएं एवं लू खतरनाक साबित हो सकती है।
सुरक्षा उपाय
उपायुक्त ऊना ने कहा कि जहां तक संभव हो कड़ी धूप में बाहर न निकलें। जितनी बार हो सके पानी पीयें, प्यास न भी लगे तो भी पानी पीयें। सफर में अपने साथ पीने का पानी हमेशा रखें। जब भी बाहर धूप में जायें हल्कें रंग के और ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनें, धूप के चश्मे का इस्तेमाल करें, गमछे या टोपी से अपने सिर को ढकें और हमेशा जूते या चप्पल पहनें। अधिक तापमान में कठिन काम ना करें। जहां तक संभव हो कड़ी धूप में बाहर के काम से बचें। अगर आपका काम बाहर का है तो टोपी, गमछा या छाते का इस्तेमाल जरूर करें और गीले कपड़े को अपने चेहरे, सिर व गर्दन पर रखें। हल्का भोजन करें, अधिक पानी की मात्रा वाले फल जैसे तरबूज, खीरा, नींबू, संतरा आदि का सेवन करें तथा ज्यादा प्रोटीन वाले भोजन का सेवन ना करें जैसे – मांस व मेवे जो शारीरिक ताप को बढ़ाते हैं। घर में बना पेय जल जैसे कि लस्सी, नमक चीनी का घोल, छाछ, नींबू-पानी, आम का पन्ना इत्यादि का नियमित सेवन करें। बच्चों और पालतू जानवरों को पार्क किए हुए वाहनों में अकेला ना छोडें। जानवरों को छांव में रखें और उन्हें खूब पानी पीने को दें। अपने घर को ठंडा रखें, पर्दे, शटर आदि का इस्तेमाल करें। रात में खिड़कियां खुली रखें। स्थानीय मौसम के पूर्वानुमान और आगामी तापमान में परिवर्तन के बारे में सतर्क रहें। अगर आपकी तबीयत ठीक ना लगे या चक्कर आए तो तुरंत डॉक्टर से सम्पर्क करें।
लू लगने पर क्या करें
जतिन लाल ने बताया कि सावधानी बरतने के बावजूद अगर किसी को लू लग जाए तो तुरंत व्यक्ति को छांव में लिटा दें। अगर तंग कपड़े हों तो ढीला कर दें अथवा हटा दें। ठंडे गीले कपड़े से शरीर पोछें या ठंडे पानी से नहलायें। व्यक्ति को ओ0 आर0 एस0, नींबू पानी, नमक-चीनी का घोल पीने को दें, जो कि शरीर में जल की मात्रा को बढ़ा सके। यदि व्यक्ति पानी की उल्टियां करे या बेहोश हो, तो उसे कुछ भी खाने व पीने को न दें। लू लगे व्यक्ति की हालत में एक घंटे तक सुधार ना हो तो उसे तुरन्त नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में ले जाएं और चिकित्सक की सलाह लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *