नगरपालिका परिषद नाहन चुनाव हेतु एक दिवसीय पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण शिविर आयोजित
नाहन । नगर पालिका परिषद नाहन में 17 मई, 2026 को प्रस्तावित चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित संपन्न करवाने के लिए जिला पंचायत संसाधन केंद्र नाहन में रिटर्निंग अधिकारी एमसी एवं उपमंडलाधिकारी नाहन राजीव सांख्यान की अध्यक्षता में एक दिवसीय पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण शिविर में 158 अधिकारी व कर्मचारी भाग ले रहे है जिनमें 37 पीठासीन अधिकारी, 37 सहायक पीठासीन अधिकारी तथा 84 पोलिंग अधिकारी शामिल है।
उन्होंने कहा कि चुनाव संबंधित कार्य बहुत महत्वपूर्ण कार्य है इसका निर्वाहन सभी को पूरी मेहनत एवं इमानदारी तथा पूर्ण निष्ठा से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पोलिंग बूथ में कार्यरत प्रत्येक चुनावी कर्मचारी का दायित्व है कि वह वोट डालने वाले प्रत्येक व्यक्ति की वोट की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक चुनावी कर्मचारी अपने पोलिंग बूथ पर तय समय पर पहुंच कर वोटिंग से पूर्व के सभी आवश्यक कार्य करना सुनिश्चित करें ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पडे।
उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं, शिशुवती महिलाओं तथा दिव्यांग जनों और वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता से मतदान करवाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में लगे सभी कर्मचारी पूर्ण आत्मविश्वास से कार्य करें।
पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया बारे विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा उपस्थित पीठासीन, सहायक पीठासीन व पोलिंग अधिकारियों द्वारा उठाए गए प्रश्नों व समस्याओं का भी समाधान किया गया। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को और बेहतर ढंग से समझने के लिए इसके उपरांत दो अन्य पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएगें।
शिविर में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार नाहन उपेंद्र चौहान, सहायक नियंत्रक (वित्त) प्रताप पराशर, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगरपालिका परिषद संजय कुमार सहित चुनाव संबंधी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
