May 21, 2026

तमिलनाडु में विजय कैबिनेट का विस्तार, 23 मंत्रियों ने ली शपथ

टीवीके के 21 और कांग्रेस के 2 विधायक शामिल

चेन्नई, तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार हो गया है। इस विस्तार में टीवीके के 21 और सहयोगी दल कांग्रेस के 2 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली।

हालांकि, सरकार के लिए अहम माने जा रहे सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और विदुथलाई चिरुथिगल काची फिलहाल मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हुए हैं। दोनों दलों के पास विधानसभा में 2-2 विधायक हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आईयूएमएल और वीसीके के लिए कैबिनेट में एक-एक पद आरक्षित रखा गया है, लेकिन दोनों दलों ने अभी अपने प्रतिनिधियों के नाम तय नहीं किए हैं। माना जा रहा है कि उन्हें अगले चरण में मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।

टीवीके नेतृत्व लगातार वीसीके, सीपीआई, सीपीएम और आईयूएमएल को औपचारिक रूप से गठबंधन सरकार में शामिल होने का न्योता दे रहा है। फिलहाल ये दल सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे हैं।

वहीं तमिलनाडु के लोक निर्माण और खेल मंत्री आधव अर्जुन ने कहा कि मुख्यमंत्री विजय गठबंधन सहयोगियों को सरकार में शामिल करने के पक्ष में हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि वीसीके प्रमुख थोल तिरुमावलवन भी जल्द मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।

मुख्यमंत्री विजय ने 10 मई को 9 मंत्रियों के साथ शपथ ली थी। तमिलनाडु सरकार में अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं। अब 23 नए मंत्रियों के शामिल होने के बाद मंत्रियों की कुल संख्या 32 हो गई है। ऐसे में सहयोगी दलों के लिए अभी भी तीन पद खाली हैं।

शपथ लेने वाले दो कांग्रेस विधायक राजेश कुमार और तिरु पी. विश्वनाथन हैं। लगभग छह दशकों में यह पहली बार होगा जब कांग्रेस तमिलनाडु सरकार का हिस्सा बनी है।

टीवीके कोटे से शपथ लेने वालों में श्रीनाथ, कमली एस, सी विजयलक्ष्मी, आरवी रंजीतकुमार, विनोद, राजीव, बी राजकुमार, वी गांधीराज, मथन राजा पी, जगदेश्वरी के, राजेश कुमार एस, एम विजय बालाजी, लोगेश तमिलसेल्वन डी, विजय तमिलन पार्थीबन ए, रमेश, पी विश्वनाथन, कुमार आर, थेन्नारासु के, वी संपत कुमार, मोहम्मद फरवास जे, डी सरथकुमार, एन मैरी विल्सन और विग्नेश के शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *