May 21, 2026

पंजाब में नशीले पदार्थों और हथियारों के तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़

38 करोड़ की हेरोइन और 4 पिस्तौलें बरामद

चंडीगढ़, पंजाब पुलिस ने नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी पर लगातार नकेल कसते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर की टीम ने एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 5.5 किलोग्राम हेरोइन, 4 पिस्तौलें और 10 राउंड गोली-बारूद बरामद किए गए हैं।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस सफलता की जानकारी देते हुए लिखा- एक बड़ी सफलता में, काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों/गोला-बारूद की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 5.5 किलोग्राम हेरोइन के साथ-साथ 4 पिस्तौलें और 10 राउंड बरामद किए गए हैं।

डीजीपी ने आगे बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सीमा पार के तस्करों के संपर्क में थे। उन्होंने पंजाब में आगे वितरण के लिए हथियारों और गोला-बारूद की खेप प्राप्त की थी। इस मामले में पुलिस स्टेशन एसएसओसी अमृतसर में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक का पता लगाने और अन्य सहयोगियों की पहचान करने के लिए जांच तेज कर दी है।

पंजाब पुलिस इस समय नशीले पदार्थों, अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ ‘जीरो-टॉलरेंस’ नीति पर पूरी तरह अडिग है। डीजीपी गौरव यादव ने स्पष्ट कहा है कि राज्य में किसी भी प्रकार की तस्करी और अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पंजाब में पिछले कुछ वर्षों से हेरोइन, चरस, अफीम और अवैध हथियारों की तस्करी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। खासकर पाकिस्तान सीमा से सटे जिलों में ऐसे मॉड्यूल सक्रिय रहते हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इसमें न सिर्फ नशीले पदार्थ बल्कि आतंकियों और अपराधियों को सप्लाई किए जाने वाले हथियार भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *