May 21, 2026

जंगलों की आग से निपटने को भीषण गर्मी में मुस्तैद अग्निशमन विभाग

3 गाड़ियां और 23 कर्मचारी हर चुनौती से निपटने को तैयार

बंगाणा, अजय शर्मा, ज्येष्ठ माह की तपती गर्मी के बीच उपमंडल बंगाणा का अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। क्षेत्र में तापमान 42 डिग्री से ऊपर पहुंचने के साथ जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे कठिन समय में अग्निशमन विभाग अपनी तीन दमकल गाड़ियों और 23 कर्मचारियों के साथ दिन-रात मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना से लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बीते 20 मई को क्षेत्र के रसोह, राजपुरा और बुडवार के जंगलों में अचानक आग भड़क उठी, जिसके बाद अग्निशमन विभाग को तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। विभाग की तत्परता के चलते आग को रिहायशी इलाकों तक फैलने से रोक लिया गया और किसी घर को नुकसान नहीं पहुंचा।
अग्निशमन विभाग बंगाणा का कार्यक्षेत्र काफी विस्तृत है। इसकी सीमाएं भाखड़ा सुहारी, भिंडला, कोडरा तूतरु तथा सोलहसिंघी धार सहित कई दुर्गम क्षेत्रों तक फैली हुई हैं। ऐसे में विभाग के कर्मचारी लगातार टर्न बाय टर्न ड्यूटी देकर हर आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहते हैं।
विभाग के इंचार्ज वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि जंगलों में लोग लापरवाही से आग लगा देते हैं, जिससे बड़ी घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी कारणवश जंगल में आग लगानी आवश्यक हो तो पहले वन विभाग से संपर्क अवश्य करें। जंगल की आग न केवल पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाती है, बल्कि अनेक वन्य जीव-जंतु इसकी चपेट में आकर अपनी जान गंवा देते हैं। इसके साथ-साथ आग रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंचकर घरों और संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा सकती है।
उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग हर परिस्थिति में लोगों की सुरक्षा के लिए तत्पर है, लेकिन आम जनता का सहयोग और जागरूकता ही बड़ी दुर्घटनाओं को रोकने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *