एंटी चिट्टा अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों एवं साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक
नशे के खिलाफ जिला पुलिस ऊना द्वारा चलाए जा रहे “एंटी चिट्टा अभियान” के अंतर्गत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में 31. 07.2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला ऊना, संजीब कुमार भाटीया द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसाल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (LR) सुरेंद्र शर्मा द्वारा राजकीय उच्च पाठशाला झोड़ोवाल का दौरा कर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया। इस दौरान उन्होंने चिट्टा (हेरोइन) सहित विभिन्न मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए NDPS Act के महत्वपूर्ण प्रावधानों तथा मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों में होने वाली कानूनी कार्यवाही एवं दंड के संबंध में भी अवगत करवाया। विद्यार्थियों को विशेष रूप से नशे के प्रति सजग रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव तथा सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित एवं जिम्मेदाराना उपयोग के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य उपस्थित प्रतिभागियों को “एंटी चिट्टा शपथ” दिलाई गई। सभी से नशे से स्वयं दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करने का आह्वान किया गया।
📢जिला पुलिस ऊना की आमजन से अपील है कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस के साथ-साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सामूहिक जागरूकता, सतर्कता एवं सहयोग के माध्यम से ही समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकता है। यदि किसी व्यक्ति को मादक पदार्थों अथवा प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री, तस्करी या भंडारण के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त होती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
