July 31, 2026

राजस्व मंत्री ने करछम वांगतू जल विद्युत परियोजना को लंबित लाडा राशि जमा करने के लिए दिए निर्देश

रिकांगपिओ, राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना भवन के सम्मेलन कक्ष में लाडा के संदर्भ में बैठक की अध्यक्षता की।

जगत सिंह नेगी ने बैठक में दोहराया कि वर्तमान प्रदेश सरकार जल विद्युत परियोजनाओं में प्रभावित लोगों के हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है और समझौते का उल्लंघन करने वाली विद्युत कंपनियां के खिलाफ कानूनी विकल्प से भी गुरेज नहीं करेगी।

राजस्व मंत्री ने बैठक में करछम वांगतू जल विद्युत परियोजना अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और उन्हें समयबद अवधि में लंबित पड़ी लाडा की 110 करोड़ रुपए की राशि जमा कराने के निर्देश दिए ताकि परियोजना प्रभावित पंचायतों को लाभ मिल सके।

कैबिनेट मंत्री ने करछम बांध जलाशय में जल क्रीड़ाएं शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।

जगत सिंह नेगी ने वन विभाग को सख्त निर्देश दिए कि जल विद्युत परियोजनाओं द्वारा की जा रही अवैध डंपिंग पर कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि स्थानीय लोगों के जल स्रोतों की रक्षा की जा सके।

जनजातीय विकास मंत्री ने कहा कि जल विद्युत परियोजना प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को उनकी योग्यता अनुसार स्थायी रोजगार सुनिश्चित किया जाए तथा परियोजना निर्माण में कार्य करने वाले कामगारों को नियमित भुगतान एवं श्रम कानूनों के अनुसार सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।

जन शिकायत निवारण मंत्री ने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व के तहत चल रहे विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की तथा जल विद्युत परियोजनाओं के प्रबंधकों को हिदायत दी कि स्थानीय हितधारकों के कल्याण के लिए वर्तमान राज्य सरकार कटिबद्ध है तथा उनके सतत विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है ताकि स्थानीय मानव संसाधन को विकसित किया जा सके और जल विद्युत परियोजनाओं को घर द्वार पर कुशल श्रम शक्ति उपलब्ध हो सके।

कैबिनेट मंत्री ने परियोजना प्रभावित पंचायत जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद स्थापित किया और उनके संशय दूर किए।

उप मंडलाधिकारी कल्पा प्रवीण भारद्वाज ने बैठक का संचालन किया और विभिन्न जल विद्युत परियोजनाओं की गतिविधियों से कैबिनेट मंत्री को अवगत करवाया।

बैठक में उपमंडलाधिकारी निचार सुश्री नेहा नेगी, पुलिस उप अधीक्षक भावानगर राज कुमार, जिला परिषद किन्नौर अध्यक्ष हकीम चंद नेगी, जिला परिषद उपाध्यक्षा धन माला, परियोजना प्रभावित पंचायतों के जन प्रतिनिधि सहित जल विद्युत परियोजनाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *