द्वितीय चरण के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए दिनभर सक्रिय रहा जिला प्रशासन
उपायुक्त राहुल कुमार ने मतदाताओं से की बातचीत, विभिन्न सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बिलासपुर, 28 मई: पंचायती राज संस्थाओं के द्वितीय चरण के मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन पूरे दिन सक्रिय रहा। मतदान प्रक्रिया के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बिलासपुर राहुल कुमार तथा अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने विभिन्न मतदान केंद्रों एवं मॉडल पोलिंग स्टेशनों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया तथा मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त राहुल कुमार ने झंडूता विकास खंड के अंतर्गत प्रशासन द्वारा स्थापित गालियां तथा बरठीं मॉडल पोलिंग स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध करवाई गई सुविधाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मतदाताओं को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मॉडल पोलिंग स्टेशनों में विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि मॉडल पोलिंग स्टेशनों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, स्वास्थ्य जांच सुविधा, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल तथा बच्चों के लिए क्रेच सुविधा उपलब्ध करवाई गई है ताकि मतदाता सहज वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर पहुंचे मतदाताओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी भी ली। मतदाताओं ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं शांतिपूर्ण वातावरण पर संतोष व्यक्त किया। उपायुक्त ने मतदान ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी संवाद किया तथा मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत उपायुक्त राहुल कुमार ने चांदपुर, बरठीं तथा औहर मतदान केंद्रों का भी दौरा कर वहां मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंधों तथा मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया के दौरान पूर्ण सतर्कता, पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
