May 28, 2026

हमीरपुर की लड़कियों और उद्यमियों को नई राह दिखाएगा ‘नवदिशा’ सम्मेलन

हमीरपुर 27 मई। जिला हमीरपुर की छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के लिए बेहतरीन अवसर प्रदान करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन हमीरपुर, स्वयंसेवी संस्था वीनस फाउंडेशन और प्रसिद्ध ऑनलाइन कोचिंग संस्थान फिजिक्सवाला के सहयोग से 6 जून को यहां उपायुक्त कार्यालय परिसर के बचत भवन में शिक्षा एवं ग्रामीण उद्यमिता सम्मेलन ‘नवदिशा’ आयोजित करने जा रहा है।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जिला हमीरपुर की लड़कियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तथा भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि 6 जून को सुबह 9 से दोपहर एक बजे तक के सत्र में छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और कॅरियर की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। जबकि, दोपहर बाद 2 बजे से साढे तीन बजे तक ग्रामीण क्षेत्रों के उद्यमियों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र की विभिन्न संभावनाओं से अवगत करवाया जाएगा।
उपायुक्त ने छात्राओं और अपने उद्यम लगाने की इच्छुक महिलाओं एवं युवाओं से इस सम्मेलन में भाग लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *