September 3, 2026

बेअदबी: दरबार साहिब परिक्रमा में युवक ने गुटका साहिब के अंग फाड़कर महिला की चुन्नी से बांधे

अमृतसर, अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) परिसर में गुरुवार को बेअदबी का मामला सामने आया। आरोप है कि एक युवक ने गुटका साहिब के अरदास वाले अंग फाड़ दिए और उन्हें वहां मौजूद एक महिला की चुन्नी के पल्लू से बांध दिया। घटना की जानकारी मिलते ही शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की ओर से थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

एसीपी सेंट्रल अमृतसर सुरिंदर सिंह के अनुसार, आरोपी की पहचान शहीद ऊधम सिंह नगर निवासी मनदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मनदीप सिंह गुरुवार को माथा टेकने के लिए स्वर्ण मंदिर पहुंचा था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर गुटका साहिब के अरदास वाले अंग फाड़ दिए।

पुलिस के अनुसार, जिन अंगों को महिला की चुन्नी के पल्लू से बांधा गया, वह महिला भी शहीद ऊधम सिंह नगर की रहने वाली है और अपने परिवार के साथ स्वर्ण मंदिर में माथा टेकने पहुंची थी।

सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। स्वर्ण मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कथित तौर पर उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया और इसके पीछे उसकी मंशा क्या थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *