कर्नाटक में सिद्धरमैया ने दिया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा
डीके शिवकुमार होंगे राज्य के नए मुख्यमंत्री
बेंगलूर, कर्नाटक की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपना इस्तीफा राज्यपाल कार्यालय को सौंप दिया है। हालांकि, राज्यपाल थावरचंद गहलोत फिलहाल राज्य से बाहर हैं, इसलिए उनके लौटने के बाद ही इस्तीफे पर औपचारिक निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा- मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल कार्यालय को सौंप दिया है। राज्यपाल यहां नहीं हैं, वे आज रात लौट रहे हैं। इसलिए मैंने इस्तीफा उनके कार्यालय में जमा कर दिया।कर्नाटक के राज्यपाल के विशेष सचिव प्रभु शंकर ने भी इस्तीफा मिलने की पुष्टि की। उन्होंने कहा- मुझे सिद्धारमैया का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा प्राप्त हो गया है, लेकिन राज्यपाल के लौटने के बाद ही इसे स्वीकार किया जा सकेगा। राज्यपाल थावरचंद गहलोत आज इससे पहले मध्य प्रदेश के नागदा स्थित अपने आवास के लिए रवाना हो गए थे और उनके देर रात बेंगलुरु लौटने की संभावना है। इससे पूर्व कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री एच के पाटिल ने कहा था कि सिद्धरमैया ने मंत्रिमंडल सहयोगियों को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के अपने फैसले के बारे में बता दिया है और कांग्रेस आलाकमान के निर्देशों के अनुसार डी.के. शिवकुमार उनके उत्तराधिकारी होंगे।
सिद्धरमैया की ओर से अपने आधिकारिक आवास पर कैबिनेट सहयोगियों के लिए जलपान के दौरान आयोजित की गई बैठक के बाद पाटिल ने यह बात कही। गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार समेत कई वरिष्ठ मंत्री शामिल हुए। शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
एक तस्वीर में सिद्धरमैया और डी.के. शिवकुमार एक-दूसरे को गले लगाते नजर आए, जबकि दूसरी तस्वीर में शिवकुमार मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लेते दिखाई दिए। इन तस्वीरों को सत्ता हस्तांतरण के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।कर्नाटक के कानून मंत्री एच.के. पाटिल ने बृहस्पतिवार को कहा मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने उन्हें और अन्य मंत्रियों को पद छोड़ने के अपने फैसले से अवगत कराया और यह भी बताया कि उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री होंगे।
संसदीय कार्य मंत्री का भी पद संभाल रहे पाटिल ने सिद्धरमैया के आधिकारिक आवास पर जलपान के दौरान हुई बैठक में हिस्सा लेने के बाद कहा कि मुख्यमंत्री दोपहर बाद इस्तीफा सौंपने लोक भवन जाएंगे और यह नेतृत्व परिवर्तन कांग्रेस के आलाकमान के निर्देशों के अनुरूप है।
मंत्री ने संवाददाताओं से कहा- मुख्यमंत्री ने आलाकमान के साथ हुई चर्चा का हवाला देते हुए कहा है कि वह इस्तीफा देंगे। पार्टी के भीतर कहीं कोई असहमति नहीं है। यह सर्वसम्मति से लिया गया फैसला है और आलाकमान ने जो कहा है, उस पर सभी सहमत हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी नेतृत्व ने कहा कि शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री होंगे और इस संबंध में विधायक दल की बैठक में उचित प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
