May 28, 2026

केवल सिंह ढिल्लों बने पंजाब भाजपा अध्यक्ष

सिख चेहरे पर दांव खेलकर बीजेपी ने बदली रणनीति

चंडीगढ़, भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। पार्टी ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सिख चेहरे पर दांव खेला है। ढिल्लों की नियुक्ति को पंजाब में भाजपा की नई राजनीतिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

केवल सिंह ढिल्लों लंबे समय से पंजाब की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और उन्हें मालवा क्षेत्र का प्रभावशाली जाट सिख नेता माना जाता है। वह 2007 से 2017 तक बरनाला से विधायक रहे। 2022 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें पंजाब भाजपा का उपाध्यक्ष बनाया गया था।भाजपा नेतृत्व पंजाब में सिख समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। इसी रणनीति के तहत केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ भी लगातार पंजाब में सिख चेहरे को आगे लाने की पैरवी कर रहे थे। ढिल्लों पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी माने जाते हैं। ऐसे में भाजपा को उम्मीद है कि उनकी नियुक्ति से मालवा क्षेत्र में पार्टी को राजनीतिक मजबूती मिलेगी और कांग्रेस पृष्ठभूमि वाले नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को भी पार्टी से जोड़ने में मदद मिलेगी।

मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ का कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा था। हालांकि पार्टी ने साफ किया है कि जाखड़ आगामी 2027 विधानसभा चुनाव अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति भाजपा की उस कोशिश का हिस्सा है, जिसके जरिए पार्टी पंजाब में अपने पारंपरिक शहरी और हिंदू वोट बैंक से आगे बढ़कर ग्रामीण और सिख समुदाय में भी मजबूत आधार तैयार करना चाहती है।वहीं, नियुक्ति के बाद ढिल्लों ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों के बाद पार्टी पंजाब में सरकार बनाएगी। पार्टी नेतृत्व को बड़ी जिम्मेदारी सौंपने के लिए धन्यवाद देते हुए 76 वर्षीय ढिल्लों ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनका पहला लक्ष्य पंजाब में भाजपा की सरकार बनाना है। उन्होंने पंजाब की भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उसने राज्य की जनता से किए गए चुनावी वादे पूरे नहीं किए और वहां गुंडा राज कायम है। उन्होंने कहा कि जब पंजाब में हमारी सरकार बनेगी, तब हम इसे हर क्षेत्र में नंबर-1 राज्य बनाएंगे। पश्चिम बंगाल के बाद अब पंजाब में भी कमल खिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *