July 2, 2026

एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम ने बाल गृह भरनाल एवं आंगनबाड़ी केंद्र घरवासड़ा का किया औचक निरीक्षण

सरकाघाट,उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) सरकाघाट, राजेंद्र कुमार गौतम ने वीरवार को उपमंडल के अंतर्गत स्थित बाल गृह भरनाल एवं आंगनबाड़ी केंद्र घरवासड़ा का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बाल गृह भरनाल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अध्ययन कक्ष, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, भोजनालय, शयन कक्ष, बैठक कक्ष सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, रहन-सहन, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम ने बाल गृह में रह रहे बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके साथ कुछ समय बिताया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों ने भी अपनी भावी योजनाओं एवं आकांक्षाओं को उनके साथ साझा किया।
बाल गृह के प्रभारी प्रेम सिंह ने संस्थान के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों के साथ-साथ पेयजल समस्या से एसडीएम को अवगत कराया। इस पर श्री गौतम ने आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से बाल गृह की आवश्यक समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत एसडीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र घरवासड़ा का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण सेवाओं, स्वच्छता, शिक्षण सामग्री एवं अन्य विभागीय व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र में आने वाले प्रत्येक बच्चे को निर्धारित सुविधाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उनके शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को सुनिश्चित किया जा सके।
एसडीएम ने कहा कि बच्चों का समग्र विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को पूर्ण जिम्मेदारी, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी, गोपालपुर, जगदीश शर्मा भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *