August 16, 2026

दिल्ली कूच पर अड़े किसानों पर पुलिस ने की पानी की बौछार, आंसू गैस के गोले दागे

पटियाला: शंभू बॉर्डर से शनिवार को दोपहर 12 बजे एक बार फिर पंजाब के 101 किसानों के जत्थे ने दिल्ली कूच करने का प्रयास किया। हरियाणा पुलिस ने रोका तो किसानों ने जबरन आगे बढ़ने की कोशिश की। इस पर हरियाणा पुलिस ने पानी की बौछार की। आंसू गैस के 20 से ज्यादा गोले भी दागे। इसमें 12 से ज्यादा किसान घायल हो गए हैं।

प्रशासन के पास एम्बुलेंस भी खत्म हो गई। ऐसे में किसान अपनी गाड़ियों से घायलों को अस्पताल ले जाते देखे गए। शंभू बॉर्डर पर तनाव बरकरार है। अंबाला के डीसी ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह दिल्ली कूच के लिए अड़े हैं।

करीब 40 मिनट तक तीखी बहसबाजी भी हुई। अंबाला के डीसी ने किसानों को समझाया कि मामला सुप्रीम कोर्ट में विचारधीन है। 18 दिसंबर को सुनवाई होगी। तब तक धैर्य रखें, पर किसान नहीं माने।

किसानों के आगे बढ़ने की कोशिश करने पर पुलिस लगातार पानी की बौछार कर रही थी। ठंड के बीच पानी से भीगे किसानों ने आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस छप्पड़ का पानी किसानों पर डाल रही है। किसान फिर भी डटे हुए हैं और दिल्ली जाने की जद्दोजहद कर रहे हैं। हरियाणा पुलिस आंसू गैस के गोल दागने के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल कर रही थी।

किसानों का समर्थन देने के लिए हरियाणा के कांग्रेस नेता व पहलवान बजरंग पुनिया भी शंभू मोर्चे पर पहुंचे गए हैं। इससे पहले छह व आठ दिसंबर को भी किसानों ने दिल्ली जाने का प्रयास किया था, लेकिन हरियाणा पुलिस ने बार्डर पर रोक दिया था। आंसू गैस के गोले छोड़े जाने के बाद किसानों को लौटना पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *