पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में की बड़ी एयर स्ट्राइक, 11 बच्चों समेत 13 लोगों की मौत
काबुल, अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अफगानिस्तान ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी सेना के लड़ाकू विमानों ने उसकी हवाई सीमा का उल्लंघन करते हुए सीमावर्ती इलाकों में भारी बमबारी की, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत कई नागरिक मारे गए। अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने बयान जारी कर कहा कि पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार रात अफगानिस्तान के तीन प्रांतों—कुनार, खोस्त और पक्तिका—के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आम नागरिकों के घरों पर अंधाधुंध बमबारी की गई, जिससे कई मकान पूरी तरह तबाह हो गए।
अफगान प्रशासन के मुताबिक, इस हमले में कुल 13 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग शामिल हैं। इसके अलावा 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। हमले के बाद सोशल मीडिया पर तबाही और घायल बच्चों की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
अफगान सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों और देश की संप्रभुता का उल्लंघन बताया है। प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने कहा- हम इस अमानवीय अपराध और हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान की संप्रभुता का खुलेआम उल्लंघन किया है। इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
