June 10, 2026

उरी सेक्टर के आर्मी कैंप में ग्रेनेड ब्लास्ट, दो जवान शहीद

पुंछ जिले में पाकिस्तानी किशोर भी पकड़ा

उरी, जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में सेना के दो जवानों की मौत हो गई। सेना अधिकारियों के अनुसार, कमलकोट स्थित सैन्य शिविर में रूटीन इक्विपमेंट हैंडओवर के दौरान एक हैंड ग्रेनेड अचानक फट गया, जिससे दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत सेना के 92 बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सेना ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और ग्रेनेड विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में इस घटना को दुर्घटनावश हुआ विस्फोट माना जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। श्रीनगर स्थित रक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी ने कहा कि संबंधित अधिकारियों से पूरी जानकारी मिलने के बाद ही औपचारिक टिप्पणी की जाएगी।

इसी बीच, जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुए एक 14 वर्षीय पाकिस्तानी किशोर को सेना ने हिरासत में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मेंढर सेक्टर के नागरी टेकरी इलाके में तैनात सतर्क जवानों ने किशोर को सीमा पार करने के तुरंत बाद रोक लिया। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि वह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से गलती से भारतीय सीमा में आ गया था।

सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल किशोर से पूछताछ कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद स्थापित प्रक्रियाओं के तहत उसे पाकिस्तान वापस भेजा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *