July 30, 2026

77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव समारोह में पर्यावरण संरक्षण का संदेश

महम स्थित राजकीय महाविद्यालय में जिला प्रशासन एवं वन विभाग द्वारा आयोजित 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव समारोह में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

महाविद्यालय परिसर में 1,000 पौधे लगाए गए तथा विद्यार्थियों को 1,000 पौधे वितरित किए गए। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व राज्यसभा सांसदरामचंद्र जांगड़ा, उपायुक्त श्री सचिन गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पौधारोपण किया।

प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करनाल के घरौंडा से इस कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े तथा एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।

सुभाष बराला ने कहा कि वृक्षारोपण हमारी संस्कृति और जीवन परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। एक पेड़ केवल पर्यावरण को शुद्ध करने का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन और स्वस्थ भविष्य की अमूल्य विरासत है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि जन्मदिन, विशेष अवसरों तथा अपने प्रियजनों की स्मृति में एक पौधा अवश्य लगाएं और उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करें।

इस अवसर पर वन विभाग द्वारा स्कूलों में आयोजित इको क्विज एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं तथा वृक्षारोपण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

आइए, पेड़ लगाएं, पेड़ों को बचाएं और स्वच्छ-हरित रोहतक के निर्माण में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *