ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 31 जुलाई को तथा दावे एवं आपत्तियां 30 अगस्त तक
3 अक्तूबर को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन: उपायुक्त अजय सिंह तोमर
अंबाला, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) कार्यक्रम के तहत जिले की मतदाता सूची का प्रारंभिक (ड्राफ्ट) प्रकाशन 31 जुलाई 2026 को किया जाएगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी, ताकि नागरिक आसानी से उसका अवलोकन कर सकें।
उन्होंने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार यदि किसी मतदाता को मतदाता सूची में अपना नाम, पता अथवा अन्य विवरण से संबंधित कोई दावा या आपत्ति दर्ज करानी है, तो वह 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटान 31 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक संबंधित ईआरओ एवं सक्षम प्राधिकारी द्वारा किया जाएगा। इसके उपरांत 3 अक्तूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संशोधित कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को पारदर्शी, त्रुटि रहित, स्टीक एवं प्रभावी बनाना है। उन्होंने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अपने नाम एवं विवरण का अवश्य मिलान करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि, नाम छूटने या अन्य सुधार की आवश्यकता हो तो निर्धारित अवधि के भीतर दावा अथवा आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं, ताकि अंतिम मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों का सही विवरण शामिल किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का सक्रिय सहयोग ही त्रुटि रहित, पारदर्शी एवं अपडेटेड मतदाता सूची तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
