June 9, 2026

आम आदमी पार्टी नेता संजीव अरोड़ा केस में ईडी ने दिल्ली-नोएडा समेत कई शहरों में की ताबड़तोड़ छापेमारी

नई दिल्ली, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजीव अरोड़ा से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के चार राज्यों में कई ठिकानों पर छापेमारी की है। एजेंसी ने दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया।

सूत्रों के अनुसार, ईडी ने पंजाब के लुधियाना और जालंधर, उत्तर प्रदेश के बरेली तथा दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में कुल छह ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन किया। तलाशी की कार्रवाई आवासीय और व्यावसायिक परिसरों दोनों में की गई। ये ठिकाने हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े मामले की जांच के दायरे में आने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं से संबंधित बताए जा रहे हैं।

ईडी ने यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत की है। एजेंसी को पहले की जांच और पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर यह कदम उठाया गया। छापेमारी का मुख्य उद्देश्य मामले से जुड़े अहम दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों को जुटाना था।

जांच एजेंसी इससे पहले इस मामले में आम आदमी पार्टी नेता संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर चुकी है। ईडी का कहना है कि मामले में संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और कारोबारी संबंधों की गहन पड़ताल की जा रही है। इसी क्रम में यह फॉलो-अप सर्च ऑपरेशन चलाया गया है, ताकि पहले मिले सुरागों की पुष्टि की जा सके और जांच को आगे बढ़ाया जा सके।

सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित धन शोधन नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका रही और इसका दायरा कितना व्यापक था। कई स्थानों पर हुई इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *