ट्रंप ने ने नेतन्याहू को तेहरान पर हमले रोकने को कहा; दी चेतावनी
बोले, संभलकर चलो, वरना तुम अकेले पड़ जाओगे
नई दिल्ली, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य हमले से बचने की सलाह दी है। ट्रम्प को आशंका है कि यदि पश्चिम एशिया में संघर्ष और बढ़ा, तो अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौता खतरे में पड़ सकता है।
ईरान-इजराइल तनाव के बीच ट्रम्प और नेतन्याहू के बीच फोन पर बातचीत हुई। एक्सिओस की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प ने नेतन्याहू से कहा- बीबी, संभलकर चलो, नहीं तो बहुत जल्द तुम अकेले पड़ जाओगे। रिपोर्ट के अनुसार, ट्रम्प का मानना है कि इजराइल की आक्रामक कार्रवाई अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत को पटरी से उतार सकती है। उनका विश्वास है कि दोनों देशों के बीच समझौते की संभावना अभी भी बनी हुई है।
तनाव उस समय बढ़ गया जब इजराइल ने बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमला किया। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल पर मिसाइल हमले किए। बाद में इजराइल ने भी ईरान के भीतर सीमित सैन्य कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि ट्रम्प ने नेतन्याहू पर तेहरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान न चलाने का दबाव बनाया। इसके बाद इजराइल ने आगे की कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई, हालांकि उसने यह शर्त रखी कि ईरान भी अपने हमले बंद करे। वहीं नेतन्याहू ने साफ किया कि जरूरत पड़ने पर इजराइल दोबारा कार्रवाई करेगा और ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा।
