अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन में ग्राम पंचायतें निभाएं सक्रिय भूमिका : डीपीओ
‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम के तहत अधिकतम जन भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील
रजनी,ऊना, जिला पंचायत अधिकारी ऊना श्रवण कुमार ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों से 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें अपने-अपने क्षेत्रों में योग कार्यक्रमों के आयोजन और अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने बताया कि पंचायती राज विभाग के अतिरिक्त निदेशक के माध्यम से प्राप्त निर्देशों के अनुसार प्रधानमंत्री द्वारा देशभर के ग्राम प्रधानों को योग के महत्व पर संदेश भेजा गया है, जिसमें दैनिक जीवन में योग को अपनाने तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन में ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया गया है।
जिला पंचायत अधिकारी ने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ है। इसके तहत पंचायत भवनों, विद्यालयों और अन्य सामुदायिक स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
