June 20, 2026

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बागवानी विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान

मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना के तहत सब्जियों पर 30 और फलों पर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ का सुरक्षा कवच

नारनौल, केंद्र सरकार के सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित 12 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जारी देशव्यापी चेतना अभियान के तहत शनिवार को जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में बागवानी विभाग द्वारा जागरूकता गतिविधियों का सिलसिला जारी रहा। विभाग के अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक और सुरक्षित कृषि पद्धतियों से जुड़ने का आह्वान किया।
इस विशेष मुहिम के तहत आज नांगल चौधरी खंड के आसरावास व अकोली, सतनाली के पथरवा, अटेली के खोड़, निजामपुर के मोखुता व नारेड़ी, सीहमा के सागरपुर और कनीना खंड के मोड़ी गांव में चौपालों पर किसान गोष्ठियों का आयोजन किया गया।
इन बैठकों में पहुंचे किसानों को पारंपरिक फसलों के बजाय फल, फूल और सब्जियों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
आज के इस कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने मुख्य रूप से मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना की बारीकियों और इसके महत्वपूर्ण आंकड़ों से किसानों को अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि मौसम के उतार-चढ़ाव, प्रतिकूल परिस्थितियों या प्राकृतिक आपदा से होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए यह योजना किसानों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच है। योजना के तहत सब्जियों और मसालों की खेती के लिए 30 हजार रुपये प्रति एकड़ तथा फलों की बागवानी के लिए 40 हजार रुपये प्रति एकड़ का बीमा आश्वासन (आर्थिक कवर) प्रदान किया जाता है। इसके लिए किसानों को क्रमशः केवल 750 रुपये और 1000 रुपये का मामूली प्रीमियम देना होता है। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना में कुल 46 बागवानी फसलें शामिल हैं, जिससे किसानों का जोखिम पूरी तरह खत्म हो जाता है।
डीएचओ प्रेम कुमार ने बताया कि चौपालों पर मौजूद किसानों ने सुरक्षित कृषि की दिशा में कदम बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *