मलेरकोटला में 5.50 लाख रुपये के नकली नोट बरामद, चार गिरफ्तार
मलेरकोटला, पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस, पटियाला (सीआई यूनिट मलेरकोटला) ने नकली भारतीय मुद्रा के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.50 लाख रुपये की नकली भारतीय रुपये बरामद किये है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि बरामद सभी नकली नोट 500 रुपये के हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नजर खान निवासी गांव झुनीर (मलेरकोटला), राज मोहम्मद निवासी धूरी (संगरूर), मुख्तियार सिंह उर्फ गुरजीत सिंह निवासी गांव मलिकपुर (जींद, हरियाणा) और आसिफ अली निवासी मलेरकोटला के रूप में हुई है।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी राज मोहम्मद के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस नेटवर्क के लिंक खंगालने में जुटी हुई है। काउंटर इंटेलिजेंस पटियाला की अतिरिक्त महानिरीक्षक सिमरत कौर ने बताया कि सीआई यूनिट मलेरकोटला की टीम ने सुनियोजित अभियान के दौरान पहले नजर खान और राज मोहम्मद को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चार लाख रुपये की नकली भारतीय करेंसी बरामद की।
उन्होंने बताया कि आगे की जांच के दौरान दो अन्य आरोपी मुख्तियार सिंह उर्फ गुरजीत सिंह और आसिफ अली को भी गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 1.5 लाख रुपये की अतिरिक्त नकली करेंसी बरामद हुई। एआईजी सिमरत कौर ने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में थाना अमरगढ़, मलेरकोटला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 179 और 180 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
