पुलिस मुठभेड़ में बंबीहा गिरोह के तीन बदमाश गिरफ्तार
चंडीगढ़, चंडीगढ़ में पुलिस एवं बदमाशों के बीच सोमवार को हुई मुठभेड़ में बंबीहा गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने सेक्टर-43 बस स्टैंड के सामने कल देर रात यह कार्रवाई की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए तीनों बदमाश बंबीहा गैंग से जुड़े हुए हैं। पुलिस को शक है कि आरोपी चंडीगढ़ में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, जब ऑपरेशन सेल की टीम ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और तीनों को काबू कर लिया।
इस दौरान एक पुलिसकर्मी पर भी गोली चलाई गई, लेकिन उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और आसपास की घेराबंदी की गई। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, हथियारों की आपूर्ति और संभावित साजिश को लेकर गहन जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
