पांच मतगणना केन्द्रों पर होगी ज़िला ऊना के 17 जिप वार्ड व 107 बीडीसी की मतगणना
ऊना, 29 मई- उपायुक्त, जतिन लाल ने बताया कि जिला ऊना में सभी उपमण्डलों में 17 जिला परिषद सदस्यों और 107 पंचायत समितियों की मतगणना के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मतगणना 31 मई को प्रातः 9 बजे से आरम्भ होगी। उन्होंने बताया कि ऊना उपमण्डल की 24 पंचायत समितियों और 4 जिला परिषद की मतगणना राजकीय महाविद्यालय ऊना, अम्ब उपमण्डल की 22 पंचायत समितियों और 3 जिला परिषद की मतगणना राजकीय महाविद्यालय अम्ब, बंगाणा उपमण्डल की 19 पंचायत समितियों और 3 जिला परिषद की मतगणना अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा, हरोली उपमण्डल की 24 पंचायत समितियों और 4 जिला परिषद की मतगणना राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली में की जाएगी। इसी प्रकार गगरेट उपमण्डल की 20 पंचायत समितियों और 3 जिला परिषद की मतगणना बहुतकनीकी संस्थान अम्बोटा में की जाएगी। ज्ञात रहे कि 2 पंचायत समितियों के सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतगणना केन्द्र पर प्रत्येक टेबल पर एक तीन-तीन मतगणना अधिकारी/कर्मचारी की पार्टी तैनात रहेंगी, जिनमें एक पर्यवेक्षक तथा दो सहायक कर्मचारी रहेंगे। जबकि कुछ रिजर्व पार्टियां भी रखी गई हैं। इनमें ऊना उपमण्डल में मतगणना के लिए 28 टेबल लगाए गए हैं और 34 पार्टियां मतगणना के लिए तैनात की गई हैं। अम्ब उपमण्डल में 15 टेबल पर 19 पार्टियां, गगरेट उपमण्डल में 20 टेबल पर 23 पार्टियां, हरोली उपमण्डल में 12 टेबल पर 15 पार्टियां तथा बंगाणा उपमण्डल में 18 टेबल पर 21 पार्टियां मतगणना के कार्य के लिए तैनात की गई हैं।
